4 किलोमीटर दूर मिली ईको कार, चारों पहिए गायब

फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात चोरों ने एक के बाद एक तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए। सबसे बड़ी घटना कुइया संत गांव में हुई, जहां घर के बाहर खड़ी ईको कार को चोर उठाकर ले गए और करीब 4 किलोमीटर दूर गोविंदपुर संपर्क मार्ग के पास एक बाग में छोड़ दिया। जब कार बरामद हुई, तब उसके चारों पहिए गायब थे।

रात में खड़ी की थी कार, सुबह होते ही मचा हड़कंप

कुइया संत गांव निवासी इश्तियाक खान जयपुर में एक बेकरी में काम करते हैं। वह शुक्रवार को अपने मालिक यूनुस के साथ गांव आए थे। रात में उन्होंने ईको कार पड़ोस के युवक के घेर में खड़ी कर दी थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब वह कार लेने पहुंचे तो वह वहां नहीं थी। कार गायब होने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को जानकारी दी गई।

बाग में खड़ी मिली कार, पहिए खोलकर ले गए चोर

सूचना के बाद पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की। करीब 45 मिनट बाद कार गांव से लगभग 4 किलोमीटर दूर गोविंदपुर संपर्क मार्ग के पास एक बाग में खड़ी मिली। हालांकि कार के चारों पहिए गायब थे। माना जा रहा है कि चोर सुनसान स्थान पर कार ले गए और आराम से उसके पहिए खोलकर फरार हो गए। इस वारदात ने ग्रामीणों में दहशत बढ़ा दी है।

दूसरी वारदात में बकरी चोरी, CCTV में कैद हुए आरोपी

इसी रात दूसरी घटना पसियापुर गांव में हुई, जहां एक रोजगार सेवक के घर से बकरी चोरी कर ली गई। घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में चोर बकरी ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हाल के दिनों में आसपास के इलाकों में पशु चोरी की घटनाएं बढ़ने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

प्रोविजन स्टोर से नकदी और सामान पर हाथ साफ

तीसरी चोरी शमशाबाद कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित जुबेर खान के प्रोविजन स्टोर में हुई। शनिवार सुबह जब जुबेर दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले। दुकान के अंदर रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान गायब था। दुकानदार के मुताबिक कुल नुकसान लगभग 70 हजार रुपये का हुआ है।

पुलिस बोली- जल्द होगा खुलासा

तीनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शमशाबाद थाना प्रभारी रमेश सिंह का कहना है कि चोरी की घटनाओं के संबंध में CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। लगातार हुई इन तीन वारदातों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News