बच्चों को गंगा में फेंककर खुद भी लगाई छलांग, पीएसी जवानों ने समय रहते बचाया पूरा परिवार
Share your love

संवाद 24 (डेस्क), शमसाबाद।
एक हृदयविदारक घटना में एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ गंगा में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि, गंगा घाट पर तैनात PAC के जवानों की सतर्कता और तत्परता से महिला और दोनों बच्चों की जान बच गई। समय रहते की गई इस कार्रवाई की लोगों ने सराहना की।
घटना शमसाबाद क्षेत्र के दवाई घाट पुल की है। न्यायनगर भुकौली निवासी जीतेश की पत्नी अर्शिका अपने तीन वर्षीय पुत्र आरव और डेढ़ वर्षीय पुत्री अंशिका को लेकर घाट पर मेले में आई थी। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी।
कैसे हुई घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अचानक बच्चों को लेकर नदी किनारे गई और पहले दोनों बच्चों को नदी में फेंक दिया, फिर खुद भी छलांग लगा दी। हादसा देखकर आस-पास मौजूद लोग चीखने लगे। उसी दौरान गंगा पर गश्त कर रहे PAC बोट पर मौजूद जवान मंजीत, राकेश और महेंद्र ने तुरंत नदी में उतरकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इलाज जारी
तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों को समय पर पानी से बाहर निकाल लिया गया जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
महिला का चल रहा है मानसिक उपचार
महिला के पति जीतेश ने बताया कि पत्नी का कुछ समय से मानसिक उपचार चल रहा है और कभी-कभी स्थिति असामान्य हो जाती है। घटना के पीछे भी मानसिक असंतुलन की स्थिति कारण हो सकती है। परिवार ने बताया कि वे लगातार उसका इलाज करवा रहे हैं।






