नाबालिग हत्याकांड में बड़ा एक्शन: पुलिस मुठभेड़ में आरोपी विवेक पाल गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Share your love

नवाबगंज क्षेत्र में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपी विवेक पाल को गुरुवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे पहले सीएचसी नवाबगंज और बाद में लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।
28 मार्च को बहला-फुसलाकर ले गए थे नाबालिग को
मामला 28 मार्च की रात का है, जब नवाबगंज क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि लड़की की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया गया था। इसके बाद गुरुवार को काली नदी के किनारे से उसका शव बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
राजा रामपुर के पास घेराबंदी, पुलिस पर की फायरिंग
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार, वांछित आरोपी विवेक पाल की तलाश में कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं। देर रात सूचना मिली कि आरोपी ग्राम राजा रामपुर के पास भागने की फिराक में है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
मुठभेड़ में सिपाही भी घायल
इस कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल अरविंद भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपी की फायरिंग के दौरान उन्हें चोट लगी। घायल सिपाही और आरोपी दोनों को इलाज के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया, जहां से आरोपी को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।






