बहन से छेड़छाड़ का बदला या सोची-समझी साजिश? 8 महीने बाद खेत से मिला दोस्त का कंकाल

फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में आठ महीने पहले लापता हुए युवक ओमवीर राठौर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। बुधवार को मुख्य आरोपी रामू यादव की निशानदेही पर उसके ही खेत से ओमवीर का नर कंकाल बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी रामू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।

20 जुलाई 2025 को घर से निकले, फिर कभी नहीं लौटे

गुजरपुर पमारान गांव निवासी ओमवीर राठौर 20 जुलाई 2025 की शाम करीब 7 बजे घर से निकले थे। परिजनों का आरोप था कि गांव का ही रामू यादव उन्हें घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद ओमवीर वापस नहीं लौटे। परिवार ने कई दिनों तक तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो मां ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बाद में 31 अगस्त 2025 को पत्नी धर्मशीला ने कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया।

पत्नी ने नहीं छोड़ी उम्मीद, लगातार करती रहीं न्याय की मांग

मामले की जांच कई महीनों तक चलती रही। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं और आसपास के जिलों में भी तलाश कराई गई, लेकिन ओमवीर का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान पत्नी धर्मशीला लगातार अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाती रहीं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भी अपने पति को खोजने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूल कर ली हत्या

करीब आठ महीने बाद 31 मार्च 2026 की रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली। थाना अमृतपुर प्रभारी रक्षा सिंह के नेतृत्व में एसओजी और सर्विलांस टीम ने फरार मुख्य आरोपी रामू यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि ओमवीर पर उसकी बहन से छेड़छाड़ का आरोप था, इसी रंजिश में उसने अपने साथी सुरजीत यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

पहले शराब पिलाई, फिर गमछे से घोंट दिया गला

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ओमवीर को अपने खेत पर बुलाया। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर मक्के की फसल के बीच दबा दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे।

आरोपी के खेत से मिला कंकाल, कपड़े और चप्पल भी बरामद

1 अप्रैल 2026 की सुबह मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर खेत में खुदाई कराई गई। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद गड्ढे से ओमवीर का कंकाल बरामद किया गया। मौके से तौलिया, कपड़े और चप्पल भी मिली हैं। मृतक के घर से घटनास्थल की दूरी लगभग एक किलोमीटर बताई जा रही है। कंकाल को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेजा गया है।

गांव में फैली सनसनी, भारी पुलिस बल तैनात

खेत से नर कंकाल मिलने की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फतेहगढ़, राजेपुर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

पिता की पहले हो चुकी थी मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ओमवीर राठौर अपने परिवार में दो भाइयों और तीन बहनों के बीच थे। उनके पिता की वर्ष 2015 में सर्पदंश से मौत हो चुकी थी। ओमवीर गांव में साइकिल की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी शादी शाहजहांपुर जिले की धर्मशीला से हुई थी। अब उनकी मौत के खुलासे के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है।

पुलिस ने मांगी रिपोर्ट, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संबंधित क्षेत्राधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News