डायरिया से बचाव की रणनीति पर मंथन, डायरिया से डरें नहीं
Share your love

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी स्टॉप डायरिया कैंपेन (डायरिया रोको अभियान) की तैयारियों, रणनीतियों और जागरूकता गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने जिले में डायरिया नियंत्रण से जुड़े कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए आगामी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय पर जोर दिया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने की प्रयासों की सराहना
बैठक के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने डायरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए इस वित्तीय वर्ष में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक जागरूकता, स्वच्छता और समय पर उपचार की जानकारी लोगों तक पहुंचाना इस अभियान की सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय भागीदारी से जिले में डायरिया से होने वाली जटिलताओं को कम करने में मदद मिल रही है।
जागरूकता बढ़ाने के लिए कई गतिविधियां संचालित
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल (पीएसआई) इंडिया और केनव्यू के सहयोग से आयोजित इस बैठक में जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक रणविजय सिंह ने कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समुदाय में डायरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, 80 शासकीय भवनों पर डिजिटल दीवार लेखन कराया गया तथा 497 फ्रंटलाइन वर्करों का अभिमुखीकरण किया गया, ताकि वे समुदाय स्तर पर लोगों को सही जानकारी दे सकें।
स्टॉप डायरिया कैंपेन को लेकर तैयारियां तेज
बैठक में आगामी स्टॉप डायरिया कैंपेन के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य बच्चों में डायरिया से होने वाली मौतों को शून्य तक लाना है, जिसके लिए जागरूकता, स्वच्छता और ओआरएस-जिंक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी रहे उपस्थित
बैठक में अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर राजीव पाठक, विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक, एआरओ, आईओ, हेल्थ पार्टनर्स तथा पीएसआई इंडिया से अमरीश कुमार पांडेय और अनुपम मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।






