कन्नौज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय का लोकार्पण


कन्नौज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नवीन कार्यालय का लोकार्पण समारोह आज विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत प्रचारक राम जी के करकमलों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर संघ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया।

अखंड रामचरितमानस पाठ, हवन-पूजन व भंडारे का आयोजन
लोकार्पण उपरांत परिसर में अखंड रामचरितमानस पाठ, हवन-पूजन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। “मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी” के जयघोष के साथ वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक एवं भक्तिमय रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक राहुल जी, जिला प्रचारक अंकित जी, सह जिला प्रचारक धनंजय जी, नगर प्रचारक योगेश जी व अभिषेक जी सहित संघ के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, छिबरामऊ विधायक अर्चना पाण्डेय, प्रांत बौद्धिक प्रमुख रमेश जी, सह विभाग कार्यवाह छत्रवीर जी, जिला प्रचारक फर्रुखाबाद मानवेंद्र, बिल्हौर जिला प्रचारक धीरेंद्र तथा भाजपा जिला अध्यक्ष कन्नौज वीर सिंह भदौरिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संगठन विस्तार और सामाजिक समरसता का संदेश
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि नया कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार, सेवा कार्यों के संचालन और समाज में समरसता को सुदृढ़ करने का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News