कन्नौज में अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बोले– विदाई से पहले जापान घूमने गए मुख्यमंत्री
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कन्नौज प्रवास के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। तिर्वा के खैरनगर रोड स्थित शिव सिंह यादव के आवास पर पहुंचकर उन्होंने उनके पिता लक्ष्मीनारायण यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वैश्विक प्रतिनिधियों के सामने चीन से जुड़े मुद्दों को जिस प्रकार प्रस्तुत किया गया, उससे देश की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब सड़कों पर डॉग देखकर भी घबराहट दिखाई जा रही है।
केंद्र सरकार की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि अमेरिका से समझौते किए जा रहे हैं, चीन का बाजार छिन रहा है और इजरायल को कारोबार सौंपने जैसी बातें हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इन नीतियों से देश के युवाओं और बच्चों का भविष्य किस दिशा में जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 11 वर्ष और उत्तर प्रदेश में 9 वर्ष के शासनकाल में भाजपा सरकार रोजगार और विकास के मोर्चे पर अपेक्षित उपलब्धियां नहीं दे सकी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आमतौर पर लोग विदाई के बाद घूमने जाते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री विदाई से पहले ही विदेश यात्रा पर निकल गए। जापान की हाई स्पीड ट्रेन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे की स्थिति सुधारने की जरूरत है।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े प्रकरण में कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि न्यायालय का फैसला लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने भाजपा नेताओं से सावधान रहने की अपील भी की।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का उदाहरण देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्षी नेताओं पर मुकदमे दर्ज कर राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया।
कन्नौज के विकास से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी, अस्पतालों की स्थिति और कैंसर संस्थान जैसे प्रोजेक्टों की धीमी प्रगति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ संरक्षण की बात करने वाली सरकार के कार्यकाल में कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट बंद पड़ा है।
अंत में उन्होंने लखनऊ में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बने स्मारक का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा से जुड़े प्रतीकों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बदलाव की लहर है और आने वाले समय में जनता नई दिशा तय करेगी।






