सपा कार्यकर्ता की दबंगई: जांच के दौरान दरोगा से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा का केस दर्ज

Share your love

संवाद 24 चित्रकूट। चित्रकूट जनपद के रैपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ऑन ड्यूटी दरोगा के साथ सरेराह अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। भौंरी चौराहे पर स्थित कृषक इंटर कॉलेज के सामने एक युवक ने दरोगा का कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और धक्का दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रैपुरा थाने में तैनात दरोगा सुभाष राम शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे एक मारपीट के मामले की जांच के सिलसिले में भौंरी चौराहे पर पहुंचे थे। यहां भौरी गांव निवासी दद्दू यादव अपने भाई के साथ एक दुकान पर बैठा मिला। दरोगा ने उसे पूछताछ के लिए थाने चलने को कहा, जिस पर आरोपी भड़क गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया और सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते रहे। काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित की जा सकी।

पुलिस के अनुसार करीब एक सप्ताह पूर्व दद्दू यादव और उसके भाई के खिलाफ गांव के ही निवासी मोहम्मद इदरीश के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। बताया गया कि रास्ते में खड़ी बाइक को लेकर विवाद के बाद दोनों भाइयों ने इदरीश और बीच-बचाव करने आई उसकी बेटी के साथ मारपीट की थी। इस मामले की जांच दरोगा सुभाष राम कर रहे थे।

पुलिस का कहना है कि आरोपी जांच को प्रभावित करने और दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दद्दू यादव के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गांव में मारपीट, विवाद और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे जैसे आरोप भी बताए जा रहे हैं। पांच वर्ष पूर्व एक रिटायर्ड फौजी के साथ मारपीट की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी समाजवादी पार्टी से जुड़ा बताया जाता है और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय रहता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई कानून के आधार पर की जा रही है और किसी भी प्रकार की दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रैपुरा थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मी से मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी दद्दू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News