जज के पिता की सरेराह गोली मारकर हत्या, नमाज के लिए निकले थे घर से

संवाद 24 मुरादाबाद। शहर के नागफनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बेकरी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब वह रोजा खोलने के बाद अपने साले के साथ तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से आकर उनके सिर में सटाकर गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान जिगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद के रूप में हुई है। वे ‘अलविना बेकरी’ नाम से कारोबार संचालित करते थे और शहर में उनकी कई शाखाएं बताई जाती हैं। घटना बंगला गांव चौराहे के पास की है, जहां करीब शाम 7:30 बजे उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के साले मजाहिर के अनुसार, वह और उनके बहनोई स्कूटी से लाल मस्जिद तरावीह की नमाज पढ़ने जा रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए हमलावरों ने असद को निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। मजाहिर ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें बचाया नहीं जा सका।

परिजनों ने हत्या के पीछे पारिवारिक संपत्ति विवाद बताया है। आरोप है कि असद का अपने साले जफर से मकान और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। जफर पर रंगदारी मांगने और पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात में जफर के साथ उसका बेटा और दामाद भी शामिल हो सकते हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस चश्मदीद से पूछताछ कर घटना की विस्तृत जांच में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

बताया जा रहा है कि मृतक की बेटी और दामाद न्यायिक सेवा में कार्यरत हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है तथा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *