बेटी की विदाई के बाद मां की हार्ट अटैक से मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव में बेटी की विदाई के कुछ ही घंटों बाद मां की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना से जहां एक ओर शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अचानक पूरा परिवार गहरे सदमे में डूब गया।

जानकारी के अनुसार ग्यासपुर निवासी बदन सिंह शाक्य की बेटी ज्योति की शादी मैनपुरी जनपद के समान कटरा निवासी शिवम के साथ संपन्न हुई। मंगलवार रात खड़िनी स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में विवाह समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। बुधवार सुबह करीब 10 बजे ज्योति की विदाई हुई, जिसके बाद परिवार के लोग घर लौट आए।

परिजनों के मुताबिक, विदाई के कुछ देर बाद ही ज्योति की मां श्रीदेवी (60 वर्ष) को अचानक सीने में तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्राथमिक रूप से मौत का कारण हृदयाघात बताया।

मां के निधन की सूचना मिलते ही नवविवाहिता ज्योति अपने पति शिवम के साथ ससुराल से वापस ग्यासपुर पहुंची। मां का पार्थिव शरीर देखते ही वह बेसुध हो गई। कुछ ही घंटों में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

दिवंगत श्रीदेवी अपने पीछे पति बदन सिंह शाक्य, पांच पुत्रों और एक पुत्री को छोड़ गई हैं। परिजनों ने बताया कि विदाई तक शादी के सभी कार्यक्रम हंसी-खुशी संपन्न हुए थे, लेकिन अचानक आई इस त्रासदी ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। गांव में शोक का माहौल है और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News