वाहन चेकिंग के दौरान शातिर आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

संवाद 24 संवाददाता। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सौरिख थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड के पास पुलिस टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में अवैध असलहा मिलने पर उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक देवी सहाय, सिपाही अजमल खान, कार्तिक तोमर और रविपाल की टीम ने संयुक्त रूप से गिरफ्तारी की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ शिवप्रताप (26) पुत्र सरमन सिंह, निवासी ग्राम सपपुर, थाना सौरिख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गंभीर धाराओं में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *