कन्नौज में महिला टीचर से तमंचे के बल पर लूट, जेवर-नकदी लेकर बदमाश फरार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। देर रात महिला सहायक अध्यापिका से तमंचे के बल पर लूट की वारदात सामने आई है। घटना छिबरामऊ क्षेत्र के सौरिख-छिबरामऊ रोड की है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने शिक्षिका को रोककर उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कानपुर नगर के पांडु नगर निवासी कीर्ति बाजपेई छिबरामऊ क्षेत्र के भोजपुर स्थित राजकीय हाईस्कूल में सहायक अध्यापिका हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान उनकी ड्यूटी आशा देवी इंटरमीडिएट कॉलेज, सौरिख में बाह्य निरीक्षक के रूप में लगी थी। परीक्षा संपन्न होने के बाद वह अपनी स्कूटी कॉलेज परिसर में छोड़कर औरैया जिले में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं।
रविवार देर रात विवाह समारोह से लौटने के बाद वह कॉलेज से अपनी स्कूटी लेकर घर के लिए निकलीं। इसी दौरान सौरिख-छिबरामऊ मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
पीड़िता के अनुसार, बदमाशों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और उनका बैग छीन लिया। बैग में सोने की जंजीर, कान के झुमके, एटीएम कार्ड, करीब आठ हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन रखा हुआ था। वारदात के बाद बदमाश तेज रफ्तार से फरार हो गए।
शिक्षिका ने साहस दिखाते हुए कुछ दूरी तक स्कूटी से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी आंखों से ओझल हो गए।
घटना के बाद शिक्षिका खोजीपुर गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचीं और पंप कर्मचारी के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। देर रात सुनसान मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील मार्गों पर सख्त निगरानी की मांग की है।






