बंद दुकान में अचानक लगी आग, सुबह तक खत्म हो गया डेढ़ लाख का सामान

संवाद 24 संवाददाता। कंपिल कस्बे के मुख्य चौराहे पर रविवार देर रात एक फास्टफूड की दुकान में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते आग आसपास की दुकानों तक फैलने से बच गई।

जानकारी के अनुसार कस्बे के निवासी निशांत सैनी मुख्य चौराहे पर फास्टफूड की दुकान चलाते हैं। रविवार रात करीब 9:30 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। लगभग डेढ़ घंटे बाद, रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने दुकान के भीतर से धुआं निकलता देखा। आशंका होने पर उन्होंने तुरंत दुकानदार को सूचना दी।

सूचना मिलते ही निशांत सैनी मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर रखा सामान धू-धू कर जल रहा था। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बाल्टी, पाइप और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पीड़ित दुकानदार के अनुसार आग में 14 टीन रिफाइंड, 6 टीन घी, दो बोरी चीनी, दो बोरी बेसन और आठ बोरी मैदा समेत अन्य खाद्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। उन्होंने नुकसान करीब डेढ़ लाख रुपये का बताया है।

दुकानदार ने बताया कि दुकान में बिजली का कनेक्शन नहीं है, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना कम लग रही है। ऐसे में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और व्यापारियों में भी चिंता का माहौल बना रहा।

फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो बाजार की अन्य दुकानों को भी नुकसान हो सकता था।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News