कन्नौज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मेगा कैंप, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक मेगा विधिक सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविर का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश हरिप्रसाद ने दीप प्रज्वलन कर किया।
शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्नेहा ने जानकारी दी कि आयोजन का मुख्य लक्ष्य ऐसे पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है, जो किसी कारणवश अब तक सरकारी सुविधाओं से वंचित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण आमजन को न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं से जोड़ने में सेतु की भूमिका निभा रहा है।
मेगा कैंप में विभिन्न विभागों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, महिला कल्याण विभाग, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा चिकित्सा विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, टूल किट, डेमो चेक एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कई लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से संबंधित जानकारी और आवेदन प्रक्रिया में सहायता भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान मंच से अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करें, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा सके।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट हरेन्द्र नाथ, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेन्द्र कुमार सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन विपिन यादव, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी विजय कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मेगा शिविर के सफल आयोजन से जिले में विधिक जागरूकता और सरकारी योजनाओं की पहुंच को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




