तालग्राम में दो सड़क हादसे, पांच घायल; तीन की हालत गंभीर

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम क्षेत्र में शनिवार देर रात और रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया है।

पहला हादसा शनिवार देर रात करीब 12 बजे तालग्राम के बिरौली पुलिया मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार ठठिया थाना क्षेत्र के मलगवा गांव निवासी सत्यम (24), वीरू (23) और शनि (20) बाइक से तेरा जाकेट की ओर से अपने घर लौट रहे थे। बिरौली पुलिया के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और खड्ड में जा गिरी।

हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालग्राम पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया।

दूसरी घटना रविवार सुबह तालग्राम-तेरा जाकेट मार्ग पर उपकेंद्र के पास हुई। सौरिख थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी अभिषेक पाल (18) बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक कुशलपुरवा गांव निवासी मोहर सिंह (36) की साइकिल से टकरा गई।

टक्कर में अभिषेक और मोहर सिंह दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी तालग्राम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है।

क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने, गति सीमा का पालन करने और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News