कन्नौज में तेज रफ्तार पिकअप का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने बाइक सवार चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक दो वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है।
घटना ग्राम रैयपुरा स्थित विशुनगढ़ मोड़ के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद जनपद के नगला रघोल निवासी कुलदीप (25) अपनी पत्नी उमा (22), दो वर्षीय पुत्री रागिनी तथा चचेरे भाई नीरज (30) के साथ बाइक से तरिया रामनगर स्थित अपने मामा सत्यभान के घर जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस की मदद से छिबरामऊ के 100 सैया अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने नीरज (30) को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुलदीप, उमा और मासूम रागिनी की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज, कन्नौज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुलदीप और उमा की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




