
संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा तहसील क्षेत्र के खैरनगर गांव में रविवार को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री असीम अरुण ने जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। गांव के एक विद्यालय परिसर में आयोजित इस जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व, बिजली, पुलिस और अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। मंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में एसडीएम राजेश कुमार, तिर्वा कोतवाल संजय कुमार शुक्ला, ठठिया थानाध्यक्ष देवेश पाल, एसडीओ, एक्सईएन सहित राजस्व, पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री असीम अरुण ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी शिकायत का संतोषजनक समाधान नहीं होता है, तो पीड़ित सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को बिना भटकाव के न्याय और सुविधा मिले।
ग्रामीणों ने इस जनसुनवाई की पहल का स्वागत करते हुए अपेक्षा जताई कि ऐसी व्यवस्थाएं नियमित रूप से आयोजित की जाएं, जिससे समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण संभव हो सके।






