तेज रफ्तार की कीमत: ई-रिक्शा को टक्कर, तीन साल के मासूम की मौत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कादरी गेट थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शादी समारोह से लौट रहे परिवार की सवारी ई-रिक्शा को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसकी मां, दादी, बड़ा भाई और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार साहिबगंज नारायण दास निवासी अभिजीत तिवारी का तीन वर्षीय पुत्र तेजस तिवारी अपनी मां पूजा तिवारी, 13 वर्षीय भाई चेतन तिवारी और दादी रीता तिवारी के साथ आवास विकास स्थित डायमंड पैलेस में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात सभी लोग ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे।
जब ई-रिक्शा बढ़पुर स्थित क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे सभी लोग सड़क पर जा गिरे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन वर्षीय तेजस तिवारी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दादी रीता तिवारी, मां पूजा तिवारी, भाई चेतन तिवारी तथा ई-रिक्शा चालक सोनू (निवासी हैवतपुर गड़िया) का इलाज जारी है। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने वाहन और चालक की पहचान कर ली है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
यह घटना एक बार फिर शहर में बेलगाम गति और लापरवाह ड्राइविंग की समस्या को उजागर करती है। रात के समय सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन, खासकर हल्के वाहनों और ई-रिक्शा सवारियों के लिए बड़ा खतरा साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में स्पीड नियंत्रण, पुलिस गश्त और स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की मांग की है।
एक मासूम की मौत ने परिवार ही नहीं, पूरे मोहल्ले को शोक में डुबो दिया है और यह हादसा याद दिलाता है कि सड़क पर एक क्षण की लापरवाही किसी के पूरे जीवन की कीमत बन सकती है।






