व्यापारियों पर दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जाँच की मांग, संगठनात्मक समीक्षा के दूसरे चरण में फर्रुखाबाद पहुंचा उद्योग व्यापार मंडल

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जिला उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता शहर के वरिष्ठ व्यापारी अनुपम रस्तोगी के आवास पर आयोजित हुई, जिसमें संगठन के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संगठन प्रदेश के लगभग ढाई करोड़ व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है और इसी उद्देश्य से प्रदेश-व्यापी संगठनात्मक समीक्षा अभियान चलाया जा रहा है।

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि संगठन की प्रथम चरण की समीक्षा प्रदेश के 17 जनपदों में पूरी हो चुकी है, जबकि द्वितीय चरण के अंतर्गत वे फर्रुखाबाद पहुंचे हैं। समीक्षा के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी समन्वय तथा संगठन की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर मतभेद सामने आते हैं तो उनका समाधान संगठनात्मक स्तर पर ही किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन अनुशासन को सर्वोपरि मानता है। यदि कोई पदाधिकारी संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो समीक्षा के बाद उसे पद से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में पूर्व में अंकुर श्रीवास्तव और उनके साथियों पर दर्ज मुकदमों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि संगठन प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में संबंधित व्यापारी निर्दोष पाए जाते हैं तो मुकदमे समाप्त कराने का प्रयास किया जाएगा, जबकि दोष सिद्ध होने पर कार्रवाई का समर्थन किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि मंडी शुल्क पूर्व में लगभग ढाई प्रतिशत था, जिसे व्यापार मंडल के प्रयासों से घटाकर डेढ़ प्रतिशत जीएसटी के दायरे में लाया गया। उन्होंने ऑनलाइन खरीदारी को स्थानीय व्यापार के लिए चुनौती बताते हुए कहा कि संगठन प्रशासन से 2000 रुपये से कम की ऑनलाइन खरीदारी पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेगा, ताकि छोटे व्यापारियों को संरक्षण मिल सके।
उन्होंने संगठन का नारा दोहराया—
संडे बाजार के मुद्दे पर भी शीघ्र निर्णय लेकर समाधान निकालने की बात कही गई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, उपाध्यक्ष राजू गौतम, अरविंद गुप्ता, राजू सुभाष चंद्र गुप्ता, नरेश पालीवाल, संयुक्त महामंत्री अनुपम रस्तोगी, विशाल छाबड़ा, अमित मिश्रा, डॉ. अरुण अग्निहोत्री, राकेश सक्सेना, अंकुर श्रीवास्तव और महिला जिलाध्यक्ष सोनी शुक्ला सहित अनेक पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।

पत्रकार वार्ता के माध्यम से व्यापार मंडल ने स्पष्ट संकेत दिया कि संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ कानून व्यवस्था के दायरे में रहकर ही अपनी मांगों को आगे बढ़ाएगा और विवादित मामलों में निष्पक्ष जांच को ही समाधान का आधार मानता है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News