खुदा नाला बना खतरा, अब शुरू हुआ निर्माण: कई राहगीर गिरकर हुए घायल

संवाद 24 संवाददाता। शहर के फिदाई खां गुदड़ी मार्ग पर लंबे समय से बनी परेशानी अब समाप्त होने की ओर है। यहां स्थित भूमिगत नाले के निर्माण का कार्य नगर पालिका ने शुरू कर दिया है। गुरुवार को मौके पर कर्मचारियों ने बताया कि नाले पर स्लैब डालने की तैयारी चल रही है और अगले दो दिनों में रास्ता आम लोगों के लिए खोले जाने की उम्मीद है।

31 जनवरी को यह भूमिगत नाला पूरी तरह चोक हो गया था, जिसके कारण चैंबरों से गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। इससे मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बदबू और जलभराव के कारण आसपास का इलाका प्रभावित रहा और लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया।

शिकायत मिलने पर नगर पालिका ने जेसीबी मशीन से नाले की खुदाई करवाई, लेकिन खुदाई के बाद इसे लंबे समय तक खुला छोड़ दिया गया। रास्ता अवरुद्ध होने से लोगों को वैकल्पिक गलियों से होकर गुजरना पड़ा। एक स्थान पर चैंबर का ढक्कन और जाल अंदर गिर जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहा। कई राहगीर फिसलकर चोटिल हुए, जबकि वाहन चालकों को विशेष सावधानी के साथ गुजरना पड़ रहा था।

क्षेत्रीय निवासियों का कहना था कि समस्या दूर करने के बजाय खुदाई के बाद स्थिति और गंभीर हो गई थी। खुला नाला होने से बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बना हुआ था। व्यापारियों के अनुसार ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई, जिससे कारोबार पर असर पड़ा।

समस्या को प्रमुखता से सामने आने के बाद नगर पालिका ने निर्माण कार्य तेज किया है। कर्मचारियों के अनुसार नाले पर कंक्रीट स्लैब डाले जाएंगे, जिससे मार्ग सुरक्षित हो सकेगा और आवागमन सामान्य हो जाएगा

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निर्माण पूरा होते ही जलभराव और दुर्गंध की समस्या समाप्त होगी तथा मंदिर और बाजार आने-जाने वालों को राहत मिलेगी। नगर पालिका का कहना है कि आगे ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए नाले की नियमित सफाई की व्यवस्था भी की जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News