सऊदी अरब जाने से इंकार पर तीन तलाक का आरोप, हलाला के नाम पर देवर से निकाह कराने की शिकायत

संवाद 24 मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि सऊदी अरब जाने से मना करने पर पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और बाद में हलाला के नाम पर उसका निकाह देवर से करा दिया गया।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2022 में उसका निकाह हुआ था। शादी के तीन महीने बाद उसका पति सऊदी अरब चला गया था और लगभग एक वर्ष बाद वापस लौटा। कुछ दिन घर पर रहने के बाद जब पति ने फिर से सऊदी अरब जाने की बात कही, तो महिला ने जाने से इंकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर पति ने उसे तीन तलाक दे दिया।

महिला का आरोप है कि इसके बाद रिश्तेदारों और ससुराल पक्ष के दबाव में हलाला की प्रक्रिया के नाम पर उसका निकाह देवर से कराया गया। निकाह के चार दिन बाद देवर ने भी उसे तलाक दे दिया। पीड़िता ने बताया कि बाद में उसने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन पति ने बच्ची को अपना मानने से इंकार कर दिया।

पीड़िता का कहना है कि अब पति उसे अपने साथ रखने से मना कर रहा है और देवर के साथ ही संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की जांच कर रहे एक पुलिसकर्मी ने उसे समझौते के लिए दबाव बनाया तथा विरोध करने पर उसके भाइयों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

मामले की शिकायत मिलने पर एसपी क्राइम ने संबंधित थाना प्रभारी को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *