शहीद मनोज यादव के बलिदान दिवस पर नगरिया में उमड़ा जनसैलाब, वीर सपूत को दी गई श्रद्धांजलि

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ क्षेत्र के ग्राम नगरिया में बुधवार को शहीद मनोज यादव का बलिदान दिवस श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। गांव स्थित शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और युवाओं ने पहुंचकर वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शहीद मनोज यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद अमर रहें’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

वक्ताओं ने बताया कि मनोज यादव 18 फरवरी 2009 को छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी वीरता और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। उपस्थित लोगों ने युवाओं से देशहित और कर्तव्यपरायणता की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शहीद की माता शारदा देवी, पिता अरविंद कुमार तथा पत्नी नीलम को अंगवस्त्र और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने शहीद परिवार के त्याग, धैर्य और साहस की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।

कार्यक्रम में बाबा रामप्रकाश यादव, अंकुर यादव, भुवनेश राजपूत, सुधीर द्विवेदी, ओमजी दीक्षित, रामवीर राजपूत, जयवीर सिंह, जोगराज सिंह, सुबोध कुमार और नेम कुमार सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News