फर्जी टीसी पर कुढ़िना की कोटेदार का अनुबंध निरस्त, नई दुकान से राशन वितरण शुरू

संवाद 24 संवाददाता। उमर्दा विकास खंड की ग्राम पंचायत कुढ़िना में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में अनियमितताओं के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कोटेदार नन्ही देवी का अनुबंध निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तिर्वा द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिससे क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती का संदेश गया है।

जांच के दौरान सामने आया कि नियुक्ति के समय प्रस्तुत किया गया कक्षा 6 उत्तीर्ण होने का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) फर्जी था। यह प्रमाण पत्र ‘आदर्श कृषक जूनियर हाईस्कूल, जल्लापुर’ के नाम से लगाया गया था, जबकि जांच में पाया गया कि संबंधित विद्यालय कई वर्ष पहले ही बंद हो चुका है और वहां से ऐसा कोई प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया था। इसके बाद दस्तावेज को कूटरचित मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति की गई।

अधिकारियों के अनुसार जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संबंधित कोटेदार निर्धारित साक्षरता मानक को पूरा नहीं करती थीं, जबकि उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु वितरण आदेश 2016 के तहत अभिलेखों का सही रखरखाव और वितरण व्यवस्था संभालने के लिए न्यूनतम साक्षरता आवश्यक है।

ग्रामीण हरिशंकर चतुर्वेदी की शिकायत के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की थी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद एसडीएम तिर्वा ने 6 फरवरी 2026 को अनुबंध निरस्तीकरण का आदेश जारी करते हुए जमा प्रतिभूति राशि भी जब्त करने के निर्देश दिए।

कोटेदार का अनुबंध निरस्त होने के बाद कार्डधारकों को असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन और ग्राम पंचायत के सहयोग से गांव में नई उचित दर की दुकान शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था लागू होने से पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को नियमित रूप से राशन मिलना शुरू हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा पाए जाने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News