भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने विधानसभा में उठाई आलू किसानों की समस्याएं, प्रोसेसिंग यूनिट व स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने बजट सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा में क्षेत्रीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए आलू किसानों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छिबरामऊ क्षेत्र कृषि प्रधान होने के साथ-साथ आलू उत्पादन के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे आर्थिक कठिनाइयाँ बढ़ रही हैं।
विधायक ने सदन में कहा कि अत्यधिक उत्पादन के कारण किसानों को कई बार लागत तक निकालना मुश्किल हो जाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने क्षेत्र में आलू आधारित प्रोसेसिंग यूनिट, चिप्स फैक्ट्री अथवा अन्य औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कराने की मांग की, जिससे स्थानीय स्तर पर आलू की खपत बढ़े और किसानों को बेहतर मूल्य मिल सके।
अर्चना पांडेय ने छिबरामऊ नगर में यातायात की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-91 और 34 पर लगातार जाम लगने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने जीटी रोड पर जाम से स्थायी राहत दिलाने के लिए नगर में बाईपास निर्माण या मुख्य चौराहे पर फ्लाईओवर बनाए जाने की मांग सरकार के समक्ष रखी।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए विधायक ने छिबरामऊ के 100 शैय्या अस्पताल की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि अस्पताल पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में रेफर सेंटर बनकर रह गया है। उन्होंने गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार के लिए कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट और स्त्री रोग विशेषज्ञों की शीघ्र नियुक्ति किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसके अलावा उन्होंने गुरसहायगंज क्षेत्र में नवीन मंडी निर्माण और सड़क सुधार कार्यों की मांग भी सदन में रखी। विधानसभा में आलू किसानों से जुड़ा मुद्दा उठने के बाद क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।





