इत्र पार्क में 18 भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया तेज, छोटे उद्यमियों को मिलेगा अवसर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। इत्र उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के समीप विकसित किए गए इत्र पार्क में शेष भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) द्वारा लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में बनाए गए इस पार्क में कुल 65 औद्योगिक भूखंड विकसित किए गए हैं, जिनमें से अब तक 47 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं।
शेष बचे 18 भूखंडों को मध्यम और छोटे स्तर के उद्यमियों की मांग को देखते हुए छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से स्वीकृति का अनुरोध किया गया है, ताकि अधिक से अधिक उद्यमियों को निवेश का अवसर मिल सके।
इत्र पार्क में उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई गई हैं। पार्क परिसर में सड़क, नाला, विद्युत आपूर्ति और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ पानी की टंकी भी स्थापित की गई है, जिससे उद्योगों को संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर जल निगम, विद्युत विभाग और एचपीसीएल ने संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर भूखंड आवंटियों को समय पर पेयजल और विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की है। कई आवंटी अपने उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
यूपीसीडा द्वारा निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से रिक्त भूखंडों के लिए उद्यमियों से आवेदन भी आमंत्रित किए जा रहे हैं। साथ ही व्यापारियों और उद्योगपतियों की मांग को देखते हुए भूमि की दरों में संभावित कमी पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे कन्नौज का इत्र उद्योग और अधिक तेजी से विकसित हो सके।





