
संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक अव्यवस्था आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। शहर के प्रमुख मार्ग जीटी रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को अपने दैनिक कार्यों में देरी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक कर्मियों की सक्रियता केवल वीआईपी मूवमेंट के दौरान ही अधिक दिखाई देती है, जबकि सामान्य दिनों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
शहर के सरायमीरा क्षेत्र में अंधी मोड़ से तिर्वा क्रॉसिंग तक जाम की समस्या सबसे अधिक देखी जा रही है। रेलवे रोड और आसपास के इलाकों में ऑटो और ई-रिक्शा चालक जीटी रोड पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। सुबह स्कूल-कॉलेज के समय तथा दोपहर में छुट्टी के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब स्कूली वाहन और आम यात्री जाम में फंस जाते हैं।
प्रशासन द्वारा जाम की समस्या कम करने के लिए पूर्व में कुछ कदम भी उठाए गए थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैर-जनपदों की रोडवेज बसों को पूर्वी बाईपास से निकालने की व्यवस्था लागू की गई थी और ओवरब्रिज के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गई थी। शुरुआती दिनों में इसका सकारात्मक असर दिखाई दिया, लेकिन समय बीतने के साथ व्यवस्था में ढिलाई आने से फिर से बसों का शहर में प्रवेश बढ़ गया और जाम की समस्या दोबारा गंभीर हो गई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जहां ऑटो और ई-रिक्शा लंबे समय तक फुटपाथ और सड़क घेरकर खड़े रहते हैं, वहीं निजी वाहनों पर अपेक्षाकृत अधिक सख्ती दिखाई देती है। लोगों का मानना है कि यदि यातायात नियमों का समान रूप से पालन कराया जाए और प्रमुख चौराहों पर नियमित निगरानी रखी जाए तो शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।






