बहन के अंतिम संस्कार से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दो घायल

Share your love

संवाद 24 हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के गोड़वा-जनिगांव मार्ग पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठे दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार भगवानखेड़ा निवासी राजू (32) दिल्ली में एक निजी फैक्टरी में कार्यरत था। उसकी चचेरी बहन गीता का सोमवार को हृदयाघात से निधन हो गया था, जिसकी सूचना मिलने पर वह मंगलवार सुबह दिल्ली से अपने गांव पहुंचा और अंतिम संस्कार में शामिल होने बरगदिया गांव गया था।

देर शाम अंतिम संस्कार से वापस लौटते समय राजू अपने चचेरे भाई रामखिलावन (45) और चचेरे बहनोई आंबेडकर (35) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। इसी दौरान गोड़वा-जनिगांव मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामखिलावन और आंबेडकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरावन में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा राहगीरों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News