
संवाद 24 लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से .32 बोर का जिंदा कारतूस मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कानपुर निवासी आकाश कुमार अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ गोवा घूमने के लिए इंडिगो की फ्लाइट से यात्रा करने पहुंचे थे। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे होने वाली उड़ान से पहले सुरक्षा जांच के दौरान उनके बैग में एक जिंदा कारतूस मिलने पर सीआईएसएफ कर्मियों ने उन्हें रोक लिया और विस्तृत पूछताछ की।
पूछताछ के बाद यात्री को सरोजनीनगर थाने भेजा गया, जहां उसने अपने शस्त्र का वैध लाइसेंस प्रस्तुत किया। यात्री ने बताया कि कारतूस अनजाने में उसके बैग में रह गया था। लाइसेंस सत्यापन के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया, क्योंकि उसके खिलाफ किसी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं पाई गई।
हालांकि, जांच और औपचारिकताओं में समय अधिक लगने के कारण यात्री अपनी निर्धारित उड़ान नहीं पकड़ सका और उसकी फ्लाइट छूट गई। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने बैग की सावधानीपूर्वक जांच कर लें, ताकि इस प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।






