एएमयू की आठवीं की छात्रा ने फंदे से लटककर दी जान, पारिवारिक परिस्थितियों से थी परेशान

Share your love

संवाद 24 अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र स्थित धौर्रा इलाके में मंगलवार (17 फरवरी) को एक दुखद घटना सामने आई, जहां अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के एबीके स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार छात्रा अपनी मां और दो छोटे भाइयों के साथ एसआईजी फ्लैट्स में किराये के मकान में रहती थी। घटना के समय उसकी मां एक निजी विद्यालय में पढ़ाने गई थीं और दोनों छोटे भाई भी स्कूल में थे। इसी दौरान छात्रा ने घर के कमरे में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

दोपहर में स्कूल से लौटने पर मां ने बेटी को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और छात्रा को तुरंत नीचे उतारकर जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और स्कूल प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा के माता-पिता के बीच तलाक हो चुका था और पिता वर्ष 2018 में दूसरी शादी के बाद सऊदी अरब में रहने लगे थे। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण छात्रा मानसिक रूप से परेशान रहती थी और उसका चिकित्सकीय उपचार भी चल रहा था। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, जबकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News