बलिया में मीटिंग के दौरान भिड़ीं दो महिला बीएलओ, बाल खींचकर मारपीट
Share your love

संवाद 24 बलिया। भृगु आश्रम क्षेत्र स्थित एक कंपोजिट विद्यालय में आयोजित सरकारी बैठक के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब दो महिला बीएलओ आपस में भिड़ गईं। बताया जा रहा है कि एसआईआर से संबंधित बैठक चल रही थी, इसी दौरान दोनों कर्मचारियों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचे और धक्का-मुक्की करने लगीं। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में एक पक्ष की महिला बीएलओ ने आरोप लगाया है कि नोटिस वितरण को लेकर शुरू हुई बहस के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा जातिसूचक टिप्पणी भी की गई। उनका कहना है कि विवाद बढ़ने पर उन्हें धक्का देकर गिराया गया और बाल पकड़कर घसीटा गया। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई है।
स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर चर्चा तेज है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है और शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






