
संवाद 24 अलीगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम से पहले अलीगढ़ जिले में पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं पर निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार (17 फरवरी) सुबह जिला प्रशासन ने कई प्रमुख कांग्रेस नेताओं को उनके आवासों पर ही नजरबंद कर दिया, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमबीर सिंह को उनके पैतृक गांव मूसेपुर (लोधा क्षेत्र) स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया। उनके घर के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि वे लखनऊ में प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर न जा सकें।
इसके अलावा पूर्व विधायक विवेक बंसल, वरिष्ठ नेता श्योराज जीवन, शहर अध्यक्ष नावेद खान तथा शेरपाल सविता सहित अन्य कई कांग्रेस नेताओं को भी उनके आवासों पर ही रोक दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा और प्रशासनिक दबाव से वे पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। विधानसभा घेराव कार्यक्रम को देखते हुए जिले की सीमाओं, प्रमुख मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।






