स्वास्थ्य सेवाओं के दावों की खुली पोल: सकरावा CHC में अव्यवस्थाओं से ग्रामीण परेशान

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ क्षेत्र के सकरावा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति के कारण मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, जिससे जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।

अस्पताल की चहारदीवारी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण आवारा पशु परिसर में खुलेआम घूमते रहते हैं। इससे मरीजों और तीमारदारों में दुर्घटना तथा हमले का भय बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पशुओं के कारण अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति भी बन चुकी है।

स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन का पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण सामान्य रक्त जांच जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। मरीजों को जांच कराने के लिए लगभग 12 किलोमीटर दूर सौरिख या निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।

क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए संचालित इस स्वास्थ्य केंद्र में केवल दो चिकित्सकों की तैनाती होने से मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को 12 से 25 किलोमीटर दूर अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से अस्पताल परिसर की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाउंड्री वॉल की मरम्मत कराने तथा लैब टेक्नीश्नियन की शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति के लिए शासन को पत्र भेजा गया है तथा अस्पताल की बाउंड्री वॉल की मरम्मत के लिए बजट की मांग की गई है। बजट स्वीकृत होते ही आवश्यक कार्य शुरू कराया जाएगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News