भाइयों के आपसी जमीन विवाद में मारपीट, एफआईआर से पहले ही हुआ समझौता
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र के नादेमऊ चौकी अंतर्गत किसई जगदीशपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान लाठी-डंडे और पथराव होने से एक महिला और एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सत्यवीर सिंह और उनके भाई रामशंकर के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में सत्यवीर सिंह, उनकी पत्नी सुनीता, भाई राघवेंद्र तथा 12 वर्षीय भानु प्रताप सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो जाने के कारण समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।




