कन्नौज में ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 26 वाहनों का चालान, ₹19.76 लाख जुर्माना वसूला
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग ने फरवरी 2026 में अब तक प्रभावी कार्रवाई करते हुए 26 ओवरलोड वाहनों का चालान किया तथा कई वाहनों को निरुद्ध भी किया गया।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग के मामलों में कुल 19.76 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़कों को होने वाले नुकसान को कम करने के उद्देश्य से की जा रही है।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण की संस्तुति संबंधित लाइसेंसिंग प्राधिकारी को भेजी गई है। इनमें झांसी निवासी राघवेंद्र, कानपुर देहात निवासी मोहन सिंह तथा राजस्थान निवासी येदराम शामिल हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा होते हैं, बल्कि सड़कों की गुणवत्ता को भी गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ निरंतर और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने वाहन संचालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप परिवहन संचालन सुनिश्चित कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






