
संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ नगर क्षेत्र में शुक्रवार को पुरानी दीवार तोड़ते समय अचानक हुए हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार छिबरामऊ के कोलियान मोहल्ला निवासी अफरोज अपने पुराने मकान को तुड़वाकर नया मकान बनवाने की तैयारी कर रहे थे। इसी क्रम में वे राजमिस्त्री ओमपाल के साथ पुरानी दीवार को तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मलबे में दब गए।
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से छिबरामऊ के सरकारी अस्पताल भेजा। अस्पताल में उपचार के दौरान हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मकान निर्माण शुरू करने से पहले पुरानी संरचना को हटाने का काम किया जा रहा था, इसी दौरान सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।






