100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर से गिरकर युवक की मौत, प्रेम प्रसंग बताया जा रहा कारण
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के पूराभोज गांव में बुधवार को एक युवक की 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर से गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया था और करीब दो घंटे तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुमित राजपूत (18) बुधवार सुबह अचानक गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और एक युवती का नाम लेकर चिल्लाते हुए परिजनों से उसकी शादी कराने की मांग करने लगा। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई और परिजन तथा पुलिस उसे समझाने का प्रयास करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक करीब दो घंटे तक टावर पर बैठा रहा। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसहायगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार राजपूत ने बताया कि युवक राजस्थान में एक फैक्ट्री में काम करता था और लगभग 15 दिन पहले ही घर लौटा था। बताया जा रहा है कि जिस युवती से वह विवाह करना चाहता था, उसकी कुछ दिन पहले ही शादी हो चुकी थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
परिजनों के अनुसार सुमित के पिता का तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है और वह परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। परिवार में उसकी मां, छोटा भाई और विवाहित बहन हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।






