पुखरावा गांव की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान देर रात लगी आग पर कई घंटे बाद पाया गया काबू

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम क्षेत्र के पुखरावा गांव स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के कारण दूर तक लपटें और धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना बनाने का कार्य किया जाता था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और फैक्ट्री में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ कर्मचारियों के झुलसने की सूचना सामने आई थी, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है तथा घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना के बाद ग्रामीणों के बीच फैक्ट्री के संचालन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फैक्ट्री नियमों के अनुरूप संचालित हो रही थी तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हादसे में करीब 12 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *