तिर्वा के हिंदू सम्मेलन में सनातन संस्कृति के उत्थान का आह्वान

संवाद 24 संवाददाता। रामजानकी मंदिर परिसर निकट (दौलेश्वर मंदिर) स्थित शास्त्री बस्ती, तिर्वा नगर में सोमवार को भव्य एवं प्रेरणादायी विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डी.एन. इंटर कॉलेज तिर्वा के पूर्व प्रवक्ता महेश पाल सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में बीना कनौजिया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राजीव कुमार कुशवाहा उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख नीरज ने अपने विचार रखे।

मुख्य वक्ता नीरज ने अपने संबोधन में संघ के “पंच परिवर्तन” विषय पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने हिंदू धर्म के गौरवशाली इतिहास, उसकी सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं की महत्ता का उल्लेख करते हुए समाज को संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज विश्व कल्याण की भावना को लेकर चलता है, जिससे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ तथा इस दौरान सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। कार्यक्रम में प्रचारक योगेश ने देशभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। सम्मेलन के दौरान “हिंदू-हिंदू भाई-भाई” सहित विभिन्न सामाजिक एकता से जुड़े नारे भी लगाए गए।

इस अवसर पर सह नगर संघचालक विजय, नगर/खंड प्रचारक योगेश, शिवप्रताप, सुरेंद्र, सुरेश सेंगर, सुदामा, सुधांशु, संजेश, आशीष, वीरेंद्र, अनिकेत, रामू, कुमारी वर्षा, सर्वेश कुमारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती तथा राष्ट्र और सनातन संस्कृति के उत्थान के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य समाज में संस्कृति, संस्कार और संगठन की भावना को मजबूत करना रहा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News