केजीएमयू परिसर में अवैध मज़ारों पर कार्रवाई की तैयारी, प्रशासन ने जारी किया अंतिम नोटिस

संवाद 24 लखनऊ। प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में बनी अवैध मज़ारों को हटाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में बनी पांच मज़ार कमेटियों को दूसरा नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

केजीएमयू प्रशासन के अनुसार अस्पताल के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। इसी कारण परिसर की खाली जमीन पर बने अवैध ढांचों को हटाने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता के अनुसार संबंधित मज़ारें संस्थान के कुछ पूर्व कर्मचारियों की कब्रों पर परिजनों द्वारा खाली जमीन पर दफनाने के बाद बाद में निर्मित कर दी गई थीं, जिन्हें प्रशासन ने अवैध निर्माण की श्रेणी में माना है।

प्रशासन ने संबंधित मज़ार कमेटियों को 28 फरवरी तक कुलसचिव के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का अंतिम अवसर दिया है। निर्धारित तिथि तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में प्रशासन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ाएगा।

संभावित कार्रवाई को देखते हुए परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि ध्वस्तीकरण के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *