कन्नौज में किसानों का प्रदर्शन, विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सोमवार को किसानों ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत गुट) के नेतृत्व में किसानों ने छिबरामऊ तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
किसान संगठन ने गुरसहायगंज क्षेत्र के रामगंज स्थित एक निजी विद्यालय भवन को अवैध और असुरक्षित बताते हुए कार्रवाई की मांग की। संगठन का आरोप है कि विद्यालय एक नियमविरुद्ध भवन में संचालित हो रहा है, जहां बड़ी संख्या में बच्चे अध्ययन कर रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। किसानों ने प्रशासन से भवन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खाद की कीमतों को लेकर भी नाराजगी जताई। किसान नेताओं का कहना है कि पहले 50 किलो की मिलने वाली खाद की बोरी अब 40 किलो की कर दी गई है, जबकि कीमतों में वृद्धि कर दी गई है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इसके अलावा किसानों ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिल, प्राकृतिक आपदाओं से नष्ट हुई फसलों का समय पर मुआवजा न मिलना, गरीब परिवारों के निवास और जन्म प्रमाण पत्र बनने में हो रही देरी तथा कोल्ड स्टोरेज में तय दर से अधिक किराया वसूले जाने जैसी समस्याएं भी ज्ञापन में शामिल कीं।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष इरशाद अली, मंडल उपाध्यक्ष अकबर खान, जिला अध्यक्ष मकबूल अहमद सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे व्यापक आंदोलन किया जाएगा।






