करसाह धर्मांतरण प्रकरण में तीन नए नाम जुड़े, एसआईटी कर रही जांच
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। औसेर क्षेत्र के करसाह गांव में सामने आए धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए मुकदमे में तीन और संदिग्धों के नाम शामिल किए हैं। मामले की जांच विशेष जांच टीम (एसआईटी) द्वारा की जा रही है और विभिन्न जिलों से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में धर्मांतरण से जुड़े आरोपी अजब सिंह पुत्र हरीराम, निवासी औरैया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया था। जांच में सामने आया कि वह कथित रूप से गरीब लोगों को पैसे और अन्य सामान का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करता था। इससे पहले एक छात्रा और उसके परिजन से पूछताछ के दौरान मिले मोबाइल फोन डाटा से कई अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए थे, जिनसे पुलिस और सर्विलांस टीम लगातार पूछताछ कर रही है।
घटना का खुलासा 6 दिसंबर को हुआ था, जब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धर्म से संबंधित कुछ किताबें और सीलबंद तरल पदार्थ की बोतलें बरामद की थीं। उस समय उमाशंकर, विद्यासागर और पन्नालाल पुत्र रामस्वरूप दोहरे को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में जांच के आधार पर अजब सिंह की भी गिरफ्तारी की गई।
एसआईटी की ताजा जांच में झांसी के सिपरी बाजार निवासी डेनियल शरद सिंह, पातेपुर अकबर निवासी हरिओम त्यागी और अकबरपुर के नेहरू नगर निवासी सावित्री शर्मा के नाम भी मुकदमे में जोड़े गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क कानपुर देहात, इटावा और कानपुर नगर सहित अन्य जिलों तक फैले हुए हैं।
पुलिस कांती लाल नामक एक अन्य मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






