कन्नौज मेडिकल कॉलेज में जल्द शुरू होंगे कैंसर और कार्डियोलॉजी विभाग

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में कैंसर और कार्डियोलॉजी विभाग सहित पोस्टमार्टम हाउस को शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य से विभिन्न विभागों की वर्तमान स्थिति, उपकरणों की उपलब्धता तथा सेवाएं शुरू करने में आ रही बाधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

गौरतलब है कि तिर्वा स्थित यह राजकीय मेडिकल कॉलेज पूर्व में निर्मित होने के बावजूद अभी तक पूरी तरह संचालित नहीं हो सका है। विशेष रूप से कार्डियोलॉजी, कैंसर अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस लंबे समय से शुरू होने की प्रतीक्षा में हैं, जिसको लेकर समय-समय पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों द्वारा सवाल भी उठाए जाते रहे हैं।

निरीक्षण के बाद मंत्री असीम अरुण ने बताया कि कैंसर और कार्डियोलॉजी विभागों की तैयारियां संतोषजनक स्थिति में हैं और जल्द ही इन्हें शुरू कराने के लिए शासन को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी। शासन स्तर से स्वीकृति मिलते ही दोनों विभागों में चिकित्सा सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम हाउस शुरू होने से असामयिक मृत्यु से जुड़े मामलों में पोस्टमार्टम प्रक्रिया तेज होगी और रिपोर्ट समय पर उपलब्ध हो सकेगी, जिससे प्रशासनिक और न्यायिक प्रक्रियाओं में भी तेजी आएगी। विभागों के शुरू होने से कन्नौज और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News