एक पल की चूक और खत्म हो गई जिंदगी: ट्रैक्टर से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोल्ड स्टोरेज से आलू डालकर ट्रैक्टर से लौट रहे तीन ग्रामीणों में से दो व्यक्ति रास्ते में गिर पड़े, जिससे एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक के मौके से चले जाने से मामले ने संदिग्ध रूप ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला खुमारी निवासी मुकेश (40), अनेक (22) और फूल सिंह (37) कायमगंज स्थित कोल्ड स्टोरेज में आलू जमा कराने गए थे। देर रात तीनों ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। रास्ते में मई हादीदादपुर और ज्योना के बीच अचानक संतुलन बिगड़ने पर मुकेश और अनेक ट्रैक्टर से नीचे गिर गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों को तत्काल परिजनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज ले जाया गया।
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अमरेश कुमार ने जांच के बाद मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनेक की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मृतक के भाई नीरज के अनुसार तीसरा साथी फूल सिंह ही ट्रैक्टर चला रहा था। वह घायलों के साथ अस्पताल तक पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद ट्रैक्टर लेकर वहां से चला गया। इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर अस्पताल में भर्ती घायल अनेक की जेब से देसी शराब के दो पौए मिलने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि हादसे के समय तीनों ने शराब का सेवन किया हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कस्बा चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक मुकेश अपने पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में पत्नी किरन, एक बेटा और दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।






