कन्नौज में पहली बार संत कबीर उत्सव का भव्य आयोजन, मंत्री असीम अरुण ने किया शुभारंभ
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में पहली बार संत कबीर उत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें लोक कला, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आकर्षक संगम देखने को मिला। संस्कृति विभाग की कबीर रंग अकादमी और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम म्यूजियम के समीप स्थित रोमा स्मारक के मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित हुआ। समारोह की शुरुआत ब्रज वंदन प्रस्तुति से हुई, जिसके बाद लखनऊ की कलाकार वीना राणा और प्रेरणा राणा ने संत कबीर के जीवन और विचारों पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
मथुरा की नीतू रावत ने चरकुला, होली और मयूर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। वहीं लखनऊ के राधेश्याम पाल (बंदा बैरागी) ने कबीर बैंड की प्रस्तुति दी तथा आल्हा गायन ने भी उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति रस और लोक संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर मंत्री असीम अरुण ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि संत कबीर की वाणी समाज को समानता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश देती है तथा ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में संत कबीर अकादमी के निदेशक अतुल द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अर्पित कुमार, ज्योत्सना अरुण सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






