किसान प्रदर्शन के बाद चचियापुर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम बिजली उपकेंद्र क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चचियापुर गांव की करीब एक माह से बंद पड़ी बिजली आपूर्ति शुक्रवार को पुनः बहाल कर दी गई। यह निर्णय किसानों के धरना-प्रदर्शन के बाद लिया गया, जिसके चलते प्रशासन और बिजली विभाग को त्वरित कार्रवाई करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के लगभग 40 पदाधिकारी और किसान तालग्राम बिजली उपकेंद्र पर एकत्र हुए और गांव की बंद बिजली आपूर्ति शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने लाइनमैन को चचियापुर ग्राम सभा की आपूर्ति चालू करने के निर्देश जारी कर दिए।

कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे एसडीओ अगस्त्य मौर्य और यूनियन के जिलाध्यक्ष हासिम अली के बीच बातचीत के दौरान नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी, जिसके बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

बिजली विभाग के अनुसार, चचियापुर गांव के 56 उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का बकाया होने के कारण आपूर्ति पूर्व में बंद की गई थी। विभाग ने बकाया वसूली के लिए गांव में दो बार विशेष कैंप भी लगाए थे। अधिकारियों ने बताया कि यूनियन प्रतिनिधियों ने सात दिनों के भीतर बकाया बिल जमा कराने का आश्वासन दिया है, जिसके आधार पर फिलहाल बिजली आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News