78 साल बाद भी अंधेरे में भगवंतपुर नगरिया गांव, विद्युतीकरण की उठी मांग
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के भगवंतपुर नगरिया गांव में आजादी के 78 वर्ष बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव के ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। बच्चों की पढ़ाई से लेकर दैनिक घरेलू कार्य तक, सभी काम दीये और चिराग की रोशनी में किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिजली पहुंचाने के लिए कई बार विद्युत विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। गांव के कई बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपना पूरा जीवन बिना बिजली के ही गुजार दिया और अब नई पीढ़ी भी उसी समस्या का सामना कर रही है।
इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्रेयांश द्विवेदी उर्फ गुड्डा ने ग्रामीणों के साथ उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द विद्युतीकरण की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं तथा जांच टीम गठित की गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही गांव में विद्युत खंभे स्थापित कर बिजली आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।






