छिबरामऊ में आवारा पशुओं का आतंक, किसान ठंड में रात-भर खेतों की रखवाली को मजबूर

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज जनपद के छिबरामऊ क्षेत्र के सौरिख देहात इलाके में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। खेतों और सड़कों पर बड़ी संख्या में घूम रहे अन्ना पशु किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान भारी चिंता में हैं। फसलों को बचाने के लिए किसानों को कड़ाके की सर्दी में रात-भर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है।

किसानों के अनुसार आवारा पशु आलू, गेहूं और सरसों की फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस समय गेहूं की फसल में बालियां निकलने लगी हैं, ऐसे में पशुओं द्वारा फसल चर जाने से किसानों को आर्थिक रूप से बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई किसानों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी पूरी मेहनत पर पानी फेर दे रही है।

नगला भीम, हरभानपुर, नगला सरदार तथा सौरिख देहात के किसानों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग की है। किसानों का कहना है कि लगातार रखवाली के बावजूद फसलों को बचाना कठिन होता जा रहा है, इसलिए स्थायी समाधान आवश्यक है।

खंड विकास अधिकारी ने बताया कि आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही क्षेत्र में अभियान चलाकर समस्या को नियंत्रित करने की कोशिश की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News