जमीनी विवाद ने लिया उग्र रूप, रूपपुर गांव में मारपीट
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के रूपपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने मारपीट के साथ-साथ लूटपाट का भी आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुभाष चंद्र का अपने ही परिवार के मुकेश और दुर्विजय के साथ करीब 20 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मामला पिछले सात-आठ महीनों से छिबरामऊ एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन था। हाल ही में एसडीएम कोर्ट द्वारा विपक्षी पक्ष के पक्ष में निर्णय दिए जाने के बाद सुभाष चंद्र ने कमिश्नरी में अपील दायर कर दी, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।
आरोप है कि घटना के दिन सुभाष चंद्र अपने पुत्र धीरेंद्र और अश्वेंद्र के साथ घर के पीछे स्थित प्लॉट में मिर्च के पौधे लगा रहे थे, तभी विपक्षी पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि हमले के दौरान परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई और उनके जेवर छीन लिए गए।
पीड़ित पक्ष की ओर से साधना ने गुरसहायगंज कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






