33 केवी लाइन की चपेट में आया मजदूर, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कादरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़पुर में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह एक मकान में रंगाई-पुताई का कार्य कर रहा था। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, बढ़पुर निवासी प्रमोद के मकान में गुरुवार को रंगाई-पुताई का काम चल रहा था। बताया गया कि प्रमोद सुबह शहर के चौक से एक मजदूर को काम के लिए लेकर आए थे। मकान के पास से 33 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। देर शाम काम के दौरान अचानक मजदूर इस लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल मजदूर को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाते हुए स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके तहत टीम ने शहर के लेबर चौक पर जाकर मजदूरों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शिनाख्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण व मरम्मत कार्यों के दौरान हाईटेंशन लाइनों के पास सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






