कन्नौज में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत एंटी रोमियो अभियान, महिला सुरक्षा पर जोर

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज पुलिस द्वारा टेराजकेट चौराहे पर मिशन शक्ति अभियान (फेज–5.0) के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एंटी रोमियो अभियान भी चलाया गया, जिसमें छात्राओं और महिलाओं को एकत्र कर महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य, महिला सुरक्षा के अधिकारों तथा किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन नंबरों और एंटी रोमियो टीम की भूमिका को भी विस्तार से समझाया।

इसके साथ ही महिलाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। सोशल मीडिया पर होने वाली ठगी, फर्जी कॉल व लिंक, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी देकर सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए।

जागरूकता कार्यक्रम में शासन द्वारा महिलाओं के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और सुमंगला योजना शामिल हैं। पुलिस ने पात्र महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए संबंधित विभागों में आवेदन करने का आग्रह किया।

कन्नौज पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News